युवाओं के लिए बड़ा मौका, रोजगार मेले में 8720 पदों पर होगी भर्ती, 7 अक्टूबर को इंटरव्यू, 8 को CM साय चयनित युवाओं को देंगे ऑफर लेटर 

रायपुर। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 07 एवं 08 अक्टूबर को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8,720 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध होंगे। रोजगार मेले के दूसरे दिन 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।

रोजगार मेले के लिए विभिन्न कंपनियों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से अब तक 36 नियोजकों के माध्यम से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। इन रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले में क्वेस कॉर्प, रैडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी, आइसेक्ट और स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस सहित विभिन्न कंपनियां एवं संस्थाएं भाग लेंगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, बी.ई./बी.टेक., बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा एमबीए, एमसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। मशीन ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड एवं डिलीवरी बॉय सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में उपस्थित होकर भाग ले सकते हैं। इसके अलावा ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर अपना संपूर्ण बायोडाटा प्रस्तुत कर आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित नियोक्ताओं द्वारा प्राथमिक चयन के बाद अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *