सुल्तानपुर । जिले में दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुम्ही गांव में शिक्षक नेता मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की कथित तौर पर फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। दोनों के शव उनके ही निजी स्कूल में खून से लथपथ हालत में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे स्कूल की चाबी लेने पहुंचे ड्राइवर राकेश यादव ने सबसे पहले दंपती के शव देखे। इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
मृतकों की पहचान मुकेश कुमार उर्फ रम्मू सिंह (45), पुत्र राम बदन सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) के रूप में हुई है। मुकेश सिंह मोतिगरपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे, जबकि उनकी पत्नी विनीता सिंह कुम्ही गांव स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान की संचालिका थीं। बताया जा रहा है कि विद्यालय में करीब 500 विद्यार्थी और 11 शिक्षक हैं। स्कूल दंपती के घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
घटनास्थल पर शवों के पास खून से सना फावड़ा भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने दंपती पर फावड़े से वार कर उनकी हत्या की होगी। हालांकि, वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या के घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ता है बेटा
मुकेश सिंह के परिवार में उनका 20 वर्षीय पुत्र अभ्युदय सिंह है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल दोहरे हत्याकांड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हत्यारोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।