गृहमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक प्रकरण वापसी समिति की बैठक

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राजनीतिक प्रकरण वापसी समिति की बैठक हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और कृषि मंत्री राम विचार नेताम भी शामिल हुए।

बैठक में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दर्ज राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े 16 प्रकरणों की समीक्षा की गई। समिति ने सभी मामलों पर प्रकरणवार चर्चा की। इनमें से 9 प्रकरणों की वापसी की अनुशंसा की गई।

वहीं, 2 प्रकरणों को दोबारा जांच और विचार के लिए संबंधित जिलों को भेजा गया। बाकी मामलों को राजनीतिक आंदोलन से संबंधित नहीं पाए जाने पर समिति ने उन्हें अस्वीकार कर दिया।

बैठक में पहले से लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को न्यायालय में लंबित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *