सूरजपुर। जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के रसोंकी गांव से बारिश के मौसम में ग्रामीणों की परेशानी की तस्वीर सामने आई है। गांव में पुल और पक्की सड़क नहीं होने के कारण एक बीमार महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने ग्रामीणों को उसे गोद में उठाकर नदी पार करनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि महिला की तबीयत खराब होने के बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई थी। लेकिन बरगा नदी में पानी होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को गोद में उठाया और जान जोखिम में डालकर नदी पार कराई, ताकि उसे एंबुलेंस तक पहुंचाया जा सके।
पुल नहीं होने से हर बारिश में बढ़ती है परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक, बरगा नदी पर पुल नहीं होने और उमझर से आगे पक्की सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। नदी में पानी बढ़ने के बाद गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
बीमार महिला को गोद में उठाकर नदी पार कराने का यह मामला ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को सामने लाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान ऐसी स्थिति कई बार बनती है और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने की पुल और सड़क निर्माण की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से बरगा नदी पर पुल और उमझर से आगे पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले समय में भी बारिश के दौरान ऐसी परेशानी बनी रहेगी। ग्रामीणों की मांग है कि शासन-प्रशासन मौके की स्थिति का जायजा लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई करे, ताकि मरीजों, स्कूली बच्चों और आम ग्रामीणों को बारिश के दिनों में नदी पार करने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े।