बहन बोलने वाला युवक भगा ले गया बेटी को, रिश्ता तोड़कर पिता ने किया अंतिम संस्कार

प्रयागराज। प्रयागराज से रिश्तों को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 20 वर्षीय युवती ने 22 वर्षीय उस युवक से शादी कर ली, जिसे वह करीब 15 साल से भाई मानकर राखी बांधती थी। शादी की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिवार ने उसे मृत मानते हुए प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार ने उसकी तस्वीर पर ‘स्वर्गीय’ लिखकर उससे रिश्ता खत्म करने की बात कही है।

मामला यमुनानगर स्थित औद्योगिक थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गणेश अपनी पत्नी मंशा और चार बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी 20 वर्षीय बेटी और गांव का रहने वाला 22 वर्षीय शाश्वत एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। परिवार के अनुसार, शाश्वत का उनके घर आना-जाना था और युवती करीब 15 वर्षों से उसे राखी बांधती थी।

परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच कब नजदीकियां बढ़ीं, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। 20 सितंबर को दोनों घर से चले गए और बाद में अंतरजातीय विवाह कर लिया।

युवती ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उसने शाश्वत से अपनी मर्जी से शादी की है और दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं। उसने कहा कि वह फिलहाल अपने पति के साथ रह रही है और खुश है। युवती ने परिवार और अन्य लोगों से उन्हें परेशान नहीं करने की अपील भी की है।

युवती ने परिवार द्वारा किए गए प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार पर भी प्रतिक्रिया दी। उसका दावा है कि परिवार ने उसे मृत मानकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर दी थीं। उसने कहा कि इसके बाद उसने भी परिवार से अपना रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया।

युवती ने अपने पिता पर मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह लंबे समय से बीमार थी, लेकिन परिवार ने उसका ठीक से इलाज नहीं कराया। युवती के मुताबिक, शादी के बाद उसके पति और ससुराल वाले उसकी देखभाल कर रहे हैं और उसका इलाज भी कराया जा रहा है। वहीं, युवती ने परिवार की ओर से लगाए गए दो लाख रुपये लेकर जाने के आरोप को भी खारिज किया है। उसका कहना है कि परिवार के पास इतनी बड़ी रकम थी ही नहीं।

दूसरी ओर, युवती के पिता गणेश को 21 सितंबर को बेटी की शादी की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बेटी को मृत मानकर प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। युवती की मां का आरोप है कि शाश्वत लंबे समय से उनके घर आता-जाता था और उनकी बेटी उसे भाई मानकर राखी बांधती थी। परिवार का आरोप है कि शाश्वत उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने शादी और बेटी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। परिवार के मुताबिक, 22 सितंबर को बेटी की पुण्यतिथि के रूप में रस्में भी पूरी की गईं।

फिलहाल युवती और उसके परिवार की ओर से एक-दूसरे पर लगाए गए आरोप सामने आए हैं। मामले में संबंधित पक्षों के बयानों और पुलिस जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *