सिपाही प्रेमी से मिला धोखा, युवती ने दी जान

बदायूं। जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई ने हरदोई जिले में तैनात एक सिपाही और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, युवती का संपर्क बिसौली कोतवाली क्षेत्र के करखेड़ी निवासी और हरदोई जिले में तैनात सिपाही जीशान से था। आरोप है कि सिपाही ने युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और इस दौरान फोटो-वीडियो भी बना लिए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब शादी की बात आई तो सिपाही कथित तौर पर पीछे हट गया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। बताया गया कि 27 सितंबर की शाम सिपाही ने युवती के पिता को फोन किया। इसके बाद युवती से भी बातचीत हुई। आरोप है कि इस दौरान भी उसे फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।

परिजनों के मुताबिक, बातचीत के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के भाई ने अपनी तहरीर में सिपाही जीशान और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *