धमतरी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए धमतरी यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर नया बस स्टैंड और अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में की गई वाहन जांच के दौरान 3 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। तीनों वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की जा रही है।
यातायात प्रभारी खेमराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों की जांच की। वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से शराब की जांच भी की गई। नया बस स्टैंड में जांच के दौरान एक ई-रिक्शा चालक और दो मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले।
145 ऑटो-ई रिक्शा की जांच, 22 पर चालानी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने अर्जुनी मोड़ के पास करीब 145 ऑटो और ई-रिक्शा की जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। कमियां पाए जाने पर 22 ऑटो-ई रिक्शा के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 4 वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, वाहन की फिटनेस दुरुस्त रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। यात्री वाहनों के चालकों को यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
इस साल अब तक 391 शराबी चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के मुताबिक, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष अब तक 391 शराबी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं, गति सीमा का पालन करें और वाहन के जरूरी दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों को दुरुस्त रखें। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।