दीवार छेदकर रायपुर के ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, 10 लाख के जेवर चोरी

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी दुकान खोलने के बाद हुई।

पुलिस के मुताबिक, कर्मा चौक स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान संचालक सुनील जैन सुबह दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान की पीछे की दीवार में करीब 12 से 18 इंच का छेद मिला। छेद इतना बड़ा था कि एक समय में एक ही व्यक्ति उसके जरिए दुकान के अंदर प्रवेश कर सकता था।

बताया जा रहा है कि चोरों ने दीवार में छेद करने के लिए दो दिनों तक प्रयास किया। पहली कोशिश में सफलता नहीं मिलने के बाद दूसरी कोशिश में चोर दीवार तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल होने में कामयाब रहे। फॉल्स सीलिंग क्षतिग्रस्त मिलने के बाद चोरी का पता चला।

चोरी गए सामान में करीब ढाई तोला सोने के आभूषण और दो किलो से अधिक चांदी के जेवर शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश आरोपी दुकान के अंदर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में वारदात में तीन से चार लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *