रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध स्क्रैप परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 14 टन स्क्रैप से लदे टाटा 1512 माजदा वाहन को जब्त किया है। जब्त स्क्रैप और वाहन की कुल कीमत करीब 11.98 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने ओडिशा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक राम किंकर यादव को सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से आए लाल-मैरून रंग के माजदा वाहन में टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स समेत स्क्रैप लाकर स्टार ढाबा के पास छिपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां टाटा 1512 माजदा छह चक्का वाहन क्रमांक OD15V7853 खड़ा मिला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न प्रकार का स्क्रैप लदा मिला, जिसका वजन करीब 14 टन बताया गया।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
पुलिस के पहुंचते ही वाहन चालक मौके से भागने और छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान भूषण कुमार साह पिता पुनवासी साह, उम्र 37 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-09, ब्रीजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्क्रैप को रेंगाली कैंप, जिला बरगढ़, ओडिशा स्थित एक कबाड़ी दुकान से लेकर आया था और इसे स्थानीय प्लांट में खपाने की तैयारी थी।
11.98 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने वाहन में लदा करीब 14 टन स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 3.98 लाख रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल टाटा माजदा वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 11.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनय तिवारी, आरक्षक चन्द्रशेखर चन्द्राकर और आरक्षक विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध स्क्रैप के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।