रायगढ़। जिले में एनडीपीएस के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और नशीली दवाइयों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश पर जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के 16 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 415.991 किलोग्राम गांजा और 3 गांजा पौधों को एसएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड, जामगांव प्लांट की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया। कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं रायगढ़ के उप पुलिस महानिरीक्षक-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में हुई।
इसी तरह विभिन्न एनडीपीएस मामलों में जब्त 108 प्रतिबंधित सिरप और 529 प्रतिबंधित टेबलेट/कैप्सूल, यानी कुल 637 नशीली दवाइयों का भी नष्टीकरण किया गया। इन दवाइयों को प्लांट परिसर के पास बुलडोजर और रोड रोलर से कुचलने के बाद गड्ढे में दबाकर नष्ट किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों को न्यायालयीन एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए नष्ट किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों के सुरक्षित और विधिसम्मत निपटारे को सुनिश्चित करना है।