बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में थाना चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखने और बिक्री करने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहित यादव (39 वर्ष), निवासी बुन्देला, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीले रंग के दो प्लास्टिक डिब्बे बरामद किए गए। दोनों डिब्बों में 15-15 लीटर के हिसाब से कुल 30 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब मिली।
पुलिस ने बरामद शराब की कीमत 6 हजार रुपये बताई है। शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।