भिलाई में गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहा 20 साल का युवक गिरफ्तार, डेढ़ किलो गांजा और मोबाइल जब्त

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भिलाई नगर थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने रुवाबांधा बस्ती तालाब के पास दबिश देकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 260 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये है, और 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि रुवाबांधा बस्ती तालाब के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।पुलिस टीम ने मौके से संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली। उसकी पहचान हरि देशमुख (20 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, कुंदरा पारा, गौरा चौरा के पास, थाना दुर्ग, जिला दुर्ग के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखी पुरानी बोरी के अंदर प्लास्टिक की झिल्ली में लिपटा गांजा बरामद किया गया।पुलिस ने बरामद गांजे का वजन कराया, जो 1 किलो 260 ग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा रखने और बिक्री से संबंधित गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी के आधार पर आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 1 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की विवेचना जारी है। बरामद मादक पदार्थ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *