बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सकरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 50 पाव देशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध शराब बेचने वालों की पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान 15 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला झोले में शराब लेकर उसलापुर से अटल आवास की ओर जा रही है। सूचना पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए अटल आवास सकरी के पास घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला की पहचान गायत्री टंडन (45 वर्ष), निवासी जे ब्लॉक, मकान नंबर 13, अटल आवास सकरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 1056/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।