Headlines

Raipur : तालाब में लाश फेंकने वाले चाचा और भतीजा गिरफ्तार, हत्या का राज खुला

रायपुर। तिल्दा-नेवरा इलाके में युवक की गुमशुदगी का मामला सनसनीखेज हत्या में बदल गया। पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया, ताकि हत्या का राज छिपाया जा सके। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए चाचा-भतीजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला ग्राम बेमता का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी धनेश पाल ने 14 नवंबर को थाना तिल्दा-नेवरा में अपने 22 वर्षीय बेटे पुरुषोत्तम पाल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव का ही शंकर पाल अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन शंकर पाल और उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव भी पुरुषोत्तम के साथ देखे गए थे। मृतक के दो दोस्तों से पूछताछ में भी इस बात की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस का संदेह दोनों पर गहरा गया।

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की। आरोपियों ने पुरुषोत्तम पर टंगिया से सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को सीमेंट के पोल से बांध दिया और ग्राम बेमता स्थित मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं।

घटनास्थल पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने बारीकी से जांच करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *