रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के काशीराम नगर में किराया लेने पहुंची महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि किराएदार के रिश्तेदार ने गाली-गलौज करते हुए उसे धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके सिर के पीछे चोट लगी। मां को बचाने पहुंची बेटी के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सलमा बेगम का टंडन चौक के पास मकान है, जिसे उन्होंने पिछले करीब दो वर्षों से अमीना शेख बेगम को किराए पर दिया है। सलमा बेगम 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे किराया लेने टंडन चौक पहुंची थीं। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान शेख शाहरूख ने पैसों की मांग को लेकर सलमा बेगम से विवाद किया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का देकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। गिरने से सलमा बेगम के सिर के पीछे चोट लगने की बात कही गई है।
बेटी ने किया बीच-बचाव, उसके साथ भी मारपीट का आरोप
घटना के दौरान सलमा बेगम की बेटी तसलीन बानो बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि शेख शाहरूख ने उसके साथ भी मारपीट की। शिकायत के अनुसार, मारपीट के बाद तसलीन बानो के शरीर में अंदरूनी दर्द हो रहा है। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने शेख शाहरूख के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।