महासमुंद। महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के झिटकी गांव में आधी रात एक तेंदुए ने सोते हुए परिवार पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह तेंदुए का सामना करते हुए उसे एक कमरे में बंद कर दिया। हालांकि, तब तक तेंदुए के हमले में 6 लोग घायल हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों में से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर लाया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ फिलहाल एक कमरे के अंदर बंद है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रायपुर से रेस्क्यू टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। तेंदुए के रेस्क्यू के बाद ही उसे जंगल में छोड़े जाने या अन्य स्थान पर ले जाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।