रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, ज्वेलर्स संचालक सुनील जैन ने 30 सितंबर को थाना गुढ़ियारी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा मिला। दुकान की दाहिनी ओर की दीवार में बड़ा छेद था और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। मुखबिरों से मिली सूचना और पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की जानकारी को भी जांच में शामिल किया गया।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
दो रात की रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव है। आरोपी ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री के नहीं चलने और आर्थिक नुकसान के बाद उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ गया था। इसके बाद उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ चोरी की योजना बनाई।
आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की और श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक, 26-27 सितंबर की रात आरोपियों ने दुकान की दीवार में आधा छेद किया था। इसके बाद वे 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचे और पहले किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
14.51 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पूरी मशरूका बरामद की है। इसमें करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, 3.5 किलोग्राम वजन के चांदी के आभूषण जिनकी कीमत करीब 7.91 लाख रुपये, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 MT 8303 और बिना नंबर की एक्टिवा भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 14.51 लाख रुपये बताई गई है।