रायगढ़। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल के जरिए लाइव क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा खिला रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही पंकज जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, को पकड़ लिया।
पूछताछ और मोबाइल की जांच में आरोपी के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह करीब एक वर्ष से क्रिकेट सट्टे के कारोबार से जुड़ा हुआ है और इससे पहले भी उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। आरोपी सट्टे की रकम UPI के जरिए प्राप्त कर मुख्य खाईवाल को ऑनलाइन भेजता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से Vivo V60 मोबाइल जब्त किया। मोबाइल की Google Chrome हिस्ट्री में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट की लिंक संचालित किए जाने के साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है। मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से मुख्य खाईवाल के संबंध में भी जानकारी मिली है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और खाईवाल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की नजर
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूर्व में पकड़े गए आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड, गतिविधियों और डिजिटल फुटप्रिंट का भी विश्लेषण कर रही है, ताकि ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।