सरगुजा । लंबे समय से दहशत का कारण बने ‘कबरा’ जंगली हाथी का एक CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में हाथी एक व्यक्ति के पीछे दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है और घर के दरवाजे तक पहुंचकर अंदर सूंड डालकर व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। घटना सरगुजा जिले के छतरपुर गांव की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि कबरा हाथी के गांव के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह हाथी लोगों को देखते ही उनकी ओर दौड़कर हमला करने की कोशिश करता है। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक यह हाथी 9 से 10 लोगों की जान ले चुका है।
हाथी के लगातार सक्रिय रहने को देखते हुए वन विभाग की टीम गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क कर रही है। ग्रामीणों से अकेले जंगल या हाथी प्रभावित इलाकों में नहीं जाने और हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।
वन विभाग की ओर से कबरा हाथी को बेहोश कर पकड़ने के लिए शासन को पत्र भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में शासन स्तर से कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।