बेमेतरा। जिले में नवजात के लापता होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घटना दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिला उस समय घर में अकेली थी। उसकी आवाज सुनकर आसपास रहने वाली दो महिलाएं कथित तौर पर मदद के लिए घर पहुंचीं। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने महिला को कोई दवा पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
परिजनों के अनुसार, महिला के बेहोश होने के दौरान ही उसका प्रसव कराया गया। कुछ समय बाद जब महिला को होश आया तो घर में न तो दोनों महिलाएं मौजूद थीं और न ही नवजात बच्चा था। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।
दो महिलाओं पर परिजनों ने जताया संदेह
परिजनों का आरोप है कि दोनों महिलाएं मदद के बहाने घर पहुंची थीं और महिला को कुछ पिलाने के बाद वह बेहोश हो गई। महिला के होश में आने पर नवजात के गायब मिलने से परिवार ने दोनों महिलाओं की भूमिका पर संदेह जताया है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और नवजात के लापता होने की परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों संदिग्ध महिलाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। नवजात के इस तरह लापता होने की घटना से परिवार में चिंता और सदमे का माहौल है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और नवजात की तलाश की जा रही है।