जशपुर। गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल हांकते हुए मारपीट कर झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और टीम को तत्काल ग्राम फतेहपुर रवाना किया गया।
मौके पर पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गौवंशों को तेजी से हांकते हुए देखा। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से 9 गौवंशों को सकुशल बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान धनसाय नगेशिया (25), निवासी गोविंदपुर, थाना जारी, जिला गुमला, झारखंड, सरवर आलम (26), निवासी डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर और मुर्शिद खान (38), निवासी गोविंदपुर, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई।
वैध दस्तावेज नहीं दे सके आरोपी
पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।