Headlines

CM साय की सिंगापुर में बड़ी कारोबारी मुलाकात, छत्तीसगढ़ में वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन पार्क के लिए कंपनी ने दिखाई रुचि

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन के क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावना बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि सिंगापुर में उनकी मुलाकात यूनिवर्सल सक्सेस (S) प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन प्रसून मुखर्जी से हुई। इस दौरान कंपनी ने छत्तीसगढ़ में लगभग 700 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से 100 एकड़ में इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई है।

मुख्यमंत्री साय के अनुसार, प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स पार्क को सिंगापुर के आधुनिक और बेहतर तौर-तरीकों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। इसमें आधुनिक वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे राज्य में वस्तुओं के भंडारण, परिवहन और वितरण की व्यवस्था को अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाने में मदद मिल सकती है।

सीएम साय ने कहा कि इस तरह की परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ की सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी और राज्य में लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, प्रस्तावित निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर वैश्विक कंपनियों और निवेशकों की बढ़ती रुचि राज्य के लिए सकारात्मक संकेत है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक अधोसंरचना और निवेश के माध्यम से प्रदेश में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *