भिलाई। दुर्ग पुलिस की प्रभावी पेट्रोलिंग के दौरान अवैध रूप से इमारती लकड़ी परिवहन का मामला सामने आया है। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने अवंतीबाई चौक, कोहका क्षेत्र में संदिग्ध माजदा वाहन को रोककर जांच की। वाहन में तिरपाल से ढंककर प्रतिबंधित कहुआ प्रजाति की इमारती लकड़ी सहित मिश्रित प्रजाति की अन्य लकड़ियां परिवहन की जा रही थीं। लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन, चालक और काष्ठ को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब 5 बजे स्मृतिनगर पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अवंतीबाई चौक, कोहका के पास माजदा वाहन क्रमांक CG-19-H-1154 संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में लगे तिरपाल को हटाया गया तो अंदर इमारती लकड़ी लदी मिली। पुलिस के मुताबिक इसमें प्रतिबंधित कहुआ प्रजाति की लकड़ी के साथ अन्य मिश्रित प्रजातियों की लकड़ियां भी थीं।
दस्तावेज मांगे तो नहीं दिखा सका चालक
पुलिस ने वाहन चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन, चालक और लकड़ी को अभिरक्षा में लेकर चौकी स्मृतिनगर पहुंचाया। मामला वन विभाग के क्षेत्राधिकार से संबंधित होने के कारण पुलिस ने आवश्यक पंचनामा और नोटिस की कार्रवाई के बाद माजदा वाहन, चालक तथा जब्त काष्ठ को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए वन विभाग भिलाई-03 परिक्षेत्र के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वाहन में लकड़ी को तिरपाल से ढंककर परिवहन किया जा रहा था। फिलहाल वन विभाग द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।