रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। समता कॉलोनी निवासी कारोबारी के पिता के मोबाइल पर बैंक ऑफ इंडिया के लोगो वाली आईडी से व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने सेविंग्स अकाउंट और क्रेडिट कार्ड से कुल 5 लाख 32 हजार 990 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।
पीड़ित कारोबारी सुशील अग्रवाल ने आजाद चौक पुलिस को बताया कि वह टाटीबंध स्थित लोहा कारखाना का मालिक है। 26 सितंबर 2026 की शाम करीब 4 बजे उनके पिता महेश कुमार अग्रवाल (66 वर्ष) के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए एक मैसेज आया। मैसेज भेजने वाली आईडी की डीपी में बैंक ऑफ इंडिया का लोगो लगा हुआ था। मैसेज में एक एपीके फाइल और लिंक भेजा गया था।
लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे साइबर ठगों ने उनके पिता के बैंक ऑफ इंडिया, जय स्तंभ चौक शाखा स्थित सेविंग्स अकाउंट से 5-5 हजार रुपये के 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 50 हजार रुपये निकाल लिए।
इसके अलावा इसी सेविंग्स अकाउंट से लिंक बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से भी 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। इन ट्रांजेक्शन के जरिए 4 लाख 82 हजार 990 रुपये की राशि निकाल ली गई। इस तरह सेविंग्स अकाउंट और क्रेडिट कार्ड से कुल 5 लाख 32 हजार 990 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई। शिकायत के अनुसार, ठगी गई रकम में से 1 लाख 62 हजार 280 रुपये क्रेडिट कार्ड में वापस आ चुके हैं, जबकि 3 लाख 70 हजार 710 रुपये अब तक वापस नहीं मिले हैं।
मामले की शिकायत के बाद आजाद चौक पुलिस ने ऑनलाइन ठगी की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगों द्वारा भेजे गए व्हाट्सऐप मैसेज, लिंक और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।