Headlines

रायपुर में 50 संदिग्ध लोग गिरफ्तार, उर्स जुलुस में पुलिस की चेकिंग, 11 चाकू और 350 लोहे के कड़े जब्त

रायपुर। राजधानी में उर्स कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। बंजारी दरगाह उर्स में शामिल संदल और चादर जुलूस के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच में पुलिस ने 11 चाकू और 350 से अधिक धातु के कड़े जब्त किए हैं। वहीं, एक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई, जबकि 9 अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर तथा एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, उर्स के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के उद्देश्य से संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।

50 से अधिक संदिग्धों की जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से आए संदल और चादर जुलूस में शामिल 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर जांच की। इस दौरान 11 चाकू बरामद किए गए। इनमें आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई योग्य मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 9 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, सभी 9 व्यक्तियों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सिटी कोतवाली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने हाथ में पहनने वाले 350 से अधिक धातु के कड़े भी जब्त किए हैं। इनका कुल वजन लगभग 45 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि अवैध हथियार रखने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए चेकिंग और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *