रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बस्तर और रायपुर में कार्रवाई की है। बस्तर में मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित गोवा ब्रांड की विदेशी शराब की 20 पेटियां जब्त की गई हैं। वहीं रायपुर में झारखंड की देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बस्तर में 20 पेटी विदेशी शराब जब्त
बस्तर में जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सोनारपाल के पास जांच के दौरान आबकारी विभाग की जगदलपुर वृत्त टीम ने एक टाटा एरिया वाहन से 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में इस्तेमाल वाहन की कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह शराब और वाहन सहित कुल 8 लाख 28 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया। मामले में दुर्ग जिले के सुपेला, शास्त्री नगर निवासी 33 वर्षीय देवेंद्र कुमार जांगड़े को आरोपी बनाया गया है, जबकि जोगेन्दर कश्यप उर्फ जोगी फरार बताया जा रहा है। आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर में झारखंड की देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
इधर, रायपुर में नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 30.3 लीटर झारखंड की देशी शराब ‘रॉयल झारखंड’ जब्त की है। आरोपी मोटरसाइकिल से शराब लेकर आ रहा था। वह झारखंड के बोकारो का निवासी बताया गया है।कार्रवाई के दौरान शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल 51,765 रुपये का सामान जब्त किया गया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।