सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को पहले 18 वर्षीय बेटे का शव सड़क किनारे मिला। इसके बाद देर शाम उसकी मां का शव घर के बंद कमरे में बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, महावीरपुर कालीघाट रोड पर मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर एक युवक का शव मिला था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18) के रूप में की। युवक की स्कूटी केशवनगर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास बरामद हुई।
युवक की मौत की जांच के दौरान शनिवार देर शाम केशवनगर स्थित ममता कॉलोनी में किराए के मकान के बंद कमरे से उसकी मां रजनी बरेठ का शव मिला। वह बेलटिकरी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे शुक्रवार से लापता थे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर जयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और कमरे से फिंगरप्रिंट सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए। युवक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।फिलहाल मां-बेटे की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।