दुर्ग। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने बीएसपी मेनगेट पार्किंग से मोटरसाइकिल और सेक्टर-02 से स्कूटी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 सितंबर 2026 को बीएसपी मेनगेट पार्किंग से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपियों और चोरी गई बाइक की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए बोरिया मार्केट, भिलाई के पास ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान यामलाल (35 वर्ष) और शरदकांत (25 वर्ष), निवासी ग्राम मोरिद, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बीएसपी मेनगेट पार्किंग से मोटरसाइकिल और सेक्टर-02, भिलाई से स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी की स्कूटी को पुलिस पहले ही सेक्टर-01 स्थित सुहान स्टैंड से बरामद कर चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।