Headlines

पूजा स्थल के पास सिगरेट फेंका, नवरात्रि पर व्रत रखी पत्नी ने किया विरोध तो पति ने मारपीट की

दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र में नवरात्रि पूजा की तैयारी के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। गुलाटी नर्सिंग होम में कार्यरत मंदाकनी ठाकुर ने अपने पति हरनारायण ठाकुर पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी दोनों बेटियों के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात 8:30 बजे मंदाकनी ठाकुर घर पर नवरात्रि पूजा की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उनके पति हरनारायण ठाकुर कथित तौर पर शराब पीकर और सिगरेट पीते हुए घर पहुंचे।

मंदाकनी ने उन्हें बताया कि उन्होंने नवरात्रि का व्रत रखा है और घर में पूजा की व्यवस्था की है। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान पति ने पीती हुई सिगरेट पूजा स्थल के पास फेंक दी। जब महिला ने इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद शुरू हो गया।

महिला का आरोप है कि पति ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। मां के साथ मारपीट होते देख उनकी बेटियां तनीषा ठाकुर और मान्या ठाकुर बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

शिकायत में मंदाकनी ठाकुर ने बताया कि मारपीट के कारण उनके दाहिने गाल, सिर, सीने और पेट में चोटें आई हैं, जिससे उन्हें दर्द हो रहा है। मामले में दुर्ग कोतवाली पुलिस को शिकायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *