सरगुजा/लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगने को लेकर विवाद और महिला दुकानदार से मारपीट का मामला सामने आया है। पुहपुटरा निवासी महिला लीलावती पैकरा ने पड़ोस में रहने वाले जयमंगल और उसकी बेटी तारा पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, लीलावती पैकरा अपने घर पर छोटी-सी किराना दुकान चलाती हैं। उनके मुताबिक, पड़ोस में रहने वाला जयमंगल उनकी दुकान से उधार में किराना सामान ले गया था। 10 अक्टूबर को पैसों की जरूरत पड़ने पर जब उन्होंने उससे उधारी की रकम मांगी, तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
महिला का आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे जयमंगल और उसकी बेटी तारा दुकान के पास पहुंचे। दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
लीलावती पैकरा के अनुसार, मारपीट में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जिससे उन्हें दर्द हो रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान उनकी जेठानी रुकमणी और उत्तम सिंह मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना।
मामले में महिला ने लखनपुर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने पिता और बेटी के खिलाफ 115(2)-BNS, 296(b)-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।