रायपुर। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने प्राचीन महामाया मंदिर पहुंच मार्ग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और नवरात्रि के सभी नौ दिनों तक विशेष सफाई अभियान जारी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही मंदिर मार्ग पर लगने वाले बाजार को व्यवस्थित करने और यातायात सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर और पहुंच मार्ग पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। प्रतिदिन बड़ी संख्या में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा गया।


सफेद मार्किंग के भीतर दुकान लगाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने शीतला मंदिर से महामाया मंदिर तक सड़क पर लगने वाले बाजार की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने सब्जी, फल, फूल और अन्य सामान बेचने वाले व्यापारियों को निर्धारित सफेद मार्किंग के भीतर ही सामान रखकर व्यवसाय करने की समझाइश दी। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सफेद मार्किंग के बाहर सामान रखकर सड़क और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस संबंध में टीम प्रहरी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
महामाया और शीतला माता के किए दर्शन
निरीक्षण के बाद महापौर मीनल चौबे ने महामाया मंदिर और शीतला माता मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने सभी नगरवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हुए माता के चरणों में प्रार्थना की।
निरीक्षण के दौरान जोन-6 के अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद जयश्री नायक, जोन-5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और टीम प्रहरी के सदस्य मौजूद रहे।