ग्राउंड फ्लोर में आगजनी की घटना, अटल आवास में मची अफरा-तफरी

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में रविवार देर रात मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय आवास में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग मौजूद थे। आग और धुएं से बचने के लिए कुछ लोगों ने पहली और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इसमें एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।

जानकारी के मुताबिक, सरकंडा थाना क्षेत्र के अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं फैलने से लोग घबरा गए। आवास के बाहर खड़ी करीब छह बाइक भी आग की चपेट में आकर जल गईं।

आग के कारण कई लोग घरों के भीतर फंस गए। स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने रस्सी और कपड़ों की मदद से महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान 75 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *