दिल्ली। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत दो वरिष्ठ अधिकारियों की नई नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी मिनहाज उद्दीन निजामी को वाणिज्य विभाग में उप सचिव और भारतीय आर्थिक सेवा (IES) के अधिकारी दीपक रंजन को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में निदेशक नियुक्त किया गया है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, IRS (C&IT) 2016 बैच के अधिकारी श्री मिनहाज उद्दीन निजामी को राजस्व विभाग की सिफारिश पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए चुना गया है। उन्हें वाणिज्य विभाग, दिल्ली में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार वर्ष या अगले आदेश तक रहेगा।
वहीं, IES 2012 बैच के अधिकारी श्री दीपक रंजन को आर्थिक मामलों के विभाग की सिफारिश पर कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच वर्ष या अगले आदेश तक के लिए होगी।
दोनों अधिकारियों को वर्तमान जिम्मेदारियों से तत्काल मुक्त होकर नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अधिकारियों को नियुक्ति आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार संभालना होगा। ऐसा नहीं करने पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
