Headlines

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर किशोर महानंद का संदेश, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी

रायपुर। देश की एकता और अखंडता के प्रतीक, भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद ने उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।

किशोर महानंद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। उनका विराट व्यक्तित्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य संकल्प भारत के गौरवशाली इतिहास का अमिट अध्याय है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर एक मजबूत और संगठित भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने भारत को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना हमें यह सिखाती है कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की शक्ति, पहचान और विकास का आधार है।

किशोर महानंद ने आगे कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निर्मित गुजरात के केवड़िया स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण का भव्य प्रतीक है। विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में स्थापित यह स्मारक न केवल लौह पुरुष के व्यक्तित्व और कृतित्व को सम्मान प्रदान करता है, बल्कि पूरी दुनिया को एकता, अखंडता और दृढ़ संकल्प का संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हमें सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और देश की एकता, सामाजिक समरसता तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। यही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *