Headlines

मुर्गा लड़ाई में करोड़ों का जुआ लगा था, पुलिस की रेड, 20 लाख कैश जब्त, 156 जुआरी गिरफ्तार

बीजापुर। जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुर्गा लड़ाई के नाम पर जंगल में जुए का बड़ा फड़ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके से 156 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 47 कारें, 12 मोबाइल फोन और करीब 20 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला बीजापुर जिले के भद्राकाली थाना क्षेत्र का है। रायगुड़ा गांव के पास जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में बड़े स्तर पर जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि इस जुआ फड़ में केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। जंगल के भीतर मुर्गा लड़ाई के नाम पर जुए का खेल संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर मौजूद 156 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

47 कारें, 12 मोबाइल और 20 लाख रुपये जब्त

पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में वाहन और नकदी भी बरामद हुई है। मौके से कुल 47 कारें, 12 मोबाइल फोन और लगभग 20 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी और वाहनों की जब्ती के बाद जिले में इस कार्रवाई की चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *