उन्नाव। जिले से एक हैरान करने वाला पारिवारिक मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को घर पर छोड़कर दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, परिवार का दावा है कि महिला घर में जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे गए पुश्तैनी सोने-चांदी के गहने भी अपने साथ ले गई। परेशान पति और बेटे ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। महिला के बेटे ने पहले स्थानीय पुलिस से शिकायत की और फिर पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी मां कुछ समय पहले परिवार की 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर चुकी है। अब वह अपने दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई है। एसपी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बहन की मौत के बाद बढ़ी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां
बेटे ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद बहन की उसके पति ने हत्या कर दी थी। बेटे का दावा है कि बहन की मौत के बाद उसके बच्चे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए परिवार ने उस समय मामला दर्ज नहीं कराया था।
इसके बाद धीरे-धीरे उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बहनोई का घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि जब बीमार पिता ने इस संबंध का विरोध किया तो घर में विवाद और झगड़े होने लगे। परिवार का कहना है कि मां और बहनोई के बीच नजदीकियां लगातार बनी रहीं और अब महिला उसी व्यक्ति के साथ घर छोड़कर चली गई है, जो उसका दामाद है।
जमीन खोदकर निकाल ले गई पुश्तैनी गहने!
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप पुश्तैनी गहनों को लेकर लगाया गया है। बेटे और उसके बीमार पिता का कहना है कि परिवार ने घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर पुश्तैनी गहने सुरक्षित रखे थे। इनमें करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल था।
परिवार का आरोप है कि महिला घर छोड़ने से पहले जमीन खोदकर इन गहनों को भी निकाल ले गई। इन गहनों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, गहनों को ले जाने और उनकी वास्तविक मात्रा व कीमत की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
बीमार पति और बेटे ने SP से मांगा न्याय
महिला के घर छोड़कर जाने और पुश्तैनी गहने गायब होने के आरोपों के बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन से मदद मांगी है। बेटे ने एसपी के सामने पूरे मामले की शिकायत रखते हुए जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के घर छोड़ने, जमीन के हस्तांतरण और पुश्तैनी गहने ले जाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।