रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिंजकोट गांव में घेराबंदी कर 4.110 किलोग्राम गांजा के साथ एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गांजा की खरीदी-बिक्री में सहयोग करने वाले एक अन्य आरोपी का नाम सामने आया, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 4.110 किलो गांजा और बिक्री की रकम 500 रुपये जब्त की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
प्लास्टिक बोरी में छिपाकर ले जा रहा था गांजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से ग्राम दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बिंजकोट मेन रोड के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदेही धनेश्वर कुम्हार (62 वर्ष), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा को पकड़ लिया गया।
चार पैकेट में मिला 4.110 किलो गांजा
पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो आरोपी के पास रखी प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। तौल कराने पर कुल वजन 4.110 किलोग्राम पाया गया। इसकी बाजार कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मामले की आगे जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला दूसरे आरोपी का नाम
विवेचना के दौरान धनेश्वर कुम्हार से पूछताछ में ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39 वर्ष), पिता राम प्रसाद पटेल की गांजा की खरीदी-बिक्री में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दूसरे आरोपी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने भी अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 500 रुपये बरामद कर जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।