Headlines

सस्ते में सोना खरीदे धनतेरस में, त्योहार पर कीमत में गिरावट

धनतेरस के मौके पर सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 2,428 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 1,41,667 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमतों में भी जोरदार गिरावट देखने को मिली है। दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 3,100 रुपये गिरकर 1,84,050 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट से उन लोगों को राहत मिल सकती है, जो धनतेरस और दीपावली के अवसर पर आभूषण या चांदी के सामान खरीदने की तैयारी कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर

घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1.46 प्रतिशत टूटकर 4,053.8 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी की कीमत में 1.70 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 51.485 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई।

दिल्ली में सोने-चांदी के भाव में मामूली तेजी

एक ओर जहां वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली, वहीं दिल्ली के सर्राफा बाजार में मामूली तेजी दर्ज की गई। उपलब्ध भाव के अनुसार दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,46,180 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोने का भाव 1,34,010 रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत 1,09,680 रुपये है। वहीं चांदी का भाव 2,10,100 रुपये प्रति किलोग्राम बताया गया है।

कच्चे तेल की तेजी से सोने-चांदी पर दबाव

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती को एक प्रमुख वजह बताया जा रहा है। ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम करीब 2 प्रतिशत उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है, जबकि रुपये पर दबाव देखने को मिला है।

बाजार में डॉलर की मजबूती और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी से कुछ कम हुआ है। इसका असर दोनों की कीमतों पर दिखाई दे रहा है।

धनतेरस के दिन कीमतों में आई इस गिरावट के बीच ग्राहकों की नजर अब सर्राफा बाजार के भाव पर रहेगी। हालांकि, अलग-अलग शहरों में स्थानीय कर, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क के कारण आभूषणों की अंतिम कीमत अलग हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *