रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक साथ दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में जुआ फड़ों पर दबिश देकर पुलिस ने कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। दोनों जगहों से पुलिस ने कुल 9 लाख 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट के नीचे दो पत्ती ताश से जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से 19 जुआरियों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में खरसिया, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से काटपत्ती जुआ खेला जा रहा है।
सीएसपी राहुल उइके, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 10 जुआरियों को पकड़ा गया। इस स्थान से पुलिस ने 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की है।