Headlines

जंगल में मिला 12 साल के तेंदुए का शव, वन विभाग में मचा हड़कंप

बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। जंगल के भीतर कक्ष क्रमांक 446 में तेंदुए का शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन मंडलाधिकारी सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुष्पलता टंडन स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को संबंधित क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी और उनकी आवाजाही की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम जंगल में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत गत धाराशिव बीट के कक्ष क्रमांक 446 में एक तेंदुए का शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृत तेंदुए की उम्र लगभग 12 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।

तेंदुए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को देखते हुए वन विभाग ने जांच तेज कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई। चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

वहीं, तेंदुए की मौत के पीछे किसी बाहरी कारण या अन्य गतिविधि की आशंका को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की दो टीमों को भी जांच में लगाया गया है। वन विभाग की टीम जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *