बगिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की विजय का शाश्वत पर्व है। यह पर्व हमें सदैव सद्भाव, सकारात्मकता और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
दीपोत्सव के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगिया स्थित अपने गृह निवास में सपत्नीक दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने माँ लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से प्रदेश के प्रत्येक घर में खुशहाली का प्रकाश फैले और हर व्यक्ति के जीवन में सुख एवं मंगल का वास हो। उन्होंने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई उमंग, नई ऊर्जा और सकारात्मकता लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश देते हुए सभी को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।