Headlines

दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता की फांसी लगाकर मौत, पति और सास-ससुर गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। शादी के बाद से ही मोटरसाइकिल और कार खरीदने के लिए रुपये की मांग कर नवविवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मृतिका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रायगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा का है। यहां रहने वाली 34 वर्षीय नीता पटेल का विवाह करीब तीन वर्ष पहले सामाजिक रीति-रिवाज से गांव के ही बंधुराम पटेल के बेटे राकेश पटेल के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं मिलने की बात को लेकर महिला से विवाद करने लगे थे।

परिजनों के मुताबिक, महिला को आए दिन शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इतना ही नहीं, करीब चार से पांच महीने पहले आरोपियों ने कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की थी। इस मांग को लेकर महिला के साथ विवाद और मारपीट किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

लगातार दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर नीता पटेल ने 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मामले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा पंचनामा कार्रवाई कराई गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया गया।

नवविवाहिता की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 36/2026 के तहत जांच शुरू की। इस दौरान मृतिका के मायके पक्ष के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच में पति और सास-ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किए जाने के तथ्य सामने आए।

मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक ने 4 नवंबर 2026 को आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने आगे की विवेचना और कार्रवाई की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 7 नवंबर 2026 को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राकेश पटेल , बंधुराम पटेल और शांति बाई पटेल शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *