राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में एंबुलेंस के किराये को लेकर दो चालकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच गाली-गलौज और झगड़े की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद लालबाग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों एंबुलेंस चालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री परिसर में एंबुलेंस चालक प्रकाश उईके और जयंत डोगरे के बीच किराये को लेकर विवाद शुरू हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर गाली-गलौज और वाद-विवाद होने लगा। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और पुलिस टीम ने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों का विवाद जारी रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए और संज्ञेय अपराध की आशंका को रोकने के लिए थाना लालबाग पुलिस ने दोनों अनावेदकों के विरुद्ध पृथक-पृथक धारा 170/126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM), राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।

कार्रवाई की जद में आए दोनों एंबुलेंस चालक
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी ड्राइवरों के नाम
- प्रकाश उईके (50 वर्ष), पिता हीरालाल उईके, निवासी वार्ड क्रमांक 13, बसंतपुर, जिला राजनांदगांव।
- जयंत डोगरे (20 वर्ष), पिता कैलाश कांत डोंगरे, निवासी वार्ड क्रमांक 13, बसंतपुर, जिला राजनांदगांव।