धमतरी। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले के चार थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे 20 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर भखारा, सिहावा, कोतवाली और अर्जुनी पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा गया।
भखारा पुलिस ने दो स्थानों पर की कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार
थाना भखारा पुलिस ने ग्राम जोरातराई थूहा रोड के पास जुआ खेल रहे मनोहर निषाद (45 वर्ष), भोजराज साहू (21 वर्ष), मुकेश निषाद (19 वर्ष) और पेमन निषाद (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1,210 रुपये और ताश पत्ती जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम पचपेड़ी बाजार चौक में की गई, जहां पुलिस ने अंकित शर्मा (37 वर्ष), पुरुषोत्तम साहू (25 वर्ष), योगेश्वर निषाद (24 वर्ष) और सूरज पाण्डे (37 वर्ष) को जुआ खेलते पकड़ा। इनके पास से 2,240 रुपये नकद और ताश पत्ती बरामद की गई।
सिहावा में स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुए का खेल
थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम छिंदापुर में चौपाल के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेल रहे राकेश ध्रुव, हरीश कुमार पाण्डेय और देवेन्द्र सिंह परिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,130 रुपये नकद और ताश पत्ती जब्त की।
कोतवाली पुलिस की दो जगह दबिश, 5 आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने टिकरापारा स्थित खपरी तालाब होलिका चौक के पास जुआ खेल रहे पवन उर्फ पप्पू (19 वर्ष), ऋषभ योधवानी (35 वर्ष) और नितेश ठक्कर (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1,720 रुपये जब्त किए गए।
इसी तरह सिहावा चौक रेलवे स्टेशन के पास जुआ खेल रहे टिकेश्वर उर्फ टीकू यादव (23 वर्ष) और चित्रसेन साहू (33 वर्ष) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2,400 रुपये नकद और ताश पत्ती बरामद की गई।
अर्जुनी पुलिस ने गौठान के पास पकड़े 4 जुआरी
थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम तरसियों गौठान के पास दबिश देकर गजेन्द्र साहू (25 वर्ष), मोहन हिरवानी (22 वर्ष), महेश यादव (24 वर्ष) और मुकेश यादव (24 वर्ष) को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 700 रुपये नकद और ताश पत्ती जब्त की।