Headlines

दीपावली के बाद सफाई में जुटा नगर निगम, राजधानी की सड़कों से पूजा सामग्री और पटाखों का कचरा हटाया

रायपुर। दीपावली पर्व के बाद राजधानी रायपुर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख सड़कों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर दीपावली पूजा के अपशिष्ट और पटाखों से फैले कचरे को हटाया गया। नगर निगम मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग के साथ सभी जोनों की स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभियान में भाग लेकर शहर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त की।

जोन-3 के कई इलाकों में चला विशेष सफाई अभियान

अभियान के तहत नगर निगम जोन क्रमांक 3 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड क्रमांक 31 में विशेष सफाई कराई। इसके अंतर्गत थाना चौक, गायत्री नगर और अवंति विहार कॉलोनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर सफाई मित्रों की टीम ने सड़क पर फैले पूजा अपशिष्ट और पटाखों के कचरे को एकत्र कर हटाया।

इसी क्रम में गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के पास सड़क मार्ग पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां दीपावली पूजा सामग्री और पटाखों से बड़ी मात्रा में कचरा फैल गया था, जिसे सफाई मित्रों ने हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया।

वहीं, वार्ड क्रमांक 31 के खम्हारडीह तालाब क्षेत्र के आसपास भी सफाई अभियान चलाया गया। दीपावली के दौरान सड़कों पर जमा हुए कचरे और अपशिष्ट को हटाकर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर की गई।

देवेंद्र नगर, पंडरी और लोधीपारा में भी सफाई

नगर निगम जोन क्रमांक 3 के वार्ड क्रमांक 29 में भी सफाई अभियान चलाया गया। इसके तहत देवेंद्र नगर, पंडरी, लोधीपारा चौक और अशोक विहार कॉलोनी के विभिन्न सड़क मार्गों पर स्वच्छता दीदियों की सहायता से झाड़ू लगाकर सफाई कराई गई।

सभी जोनों में सफाई मित्रों की टीम सक्रिय

नगर निगम द्वारा केवल जोन क्रमांक 3 ही नहीं, बल्कि राजधानी के सभी जोन क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों की टीमों ने सड़कों पर फैले दीपावली पूजा अपशिष्ट और पटाखों के कचरे को उठाकर सफाई की।

नगर निगम का यह अभियान शहर में स्वच्छता बनाए रखने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाया गया। दीपावली के बाद सड़कों पर जमा कचरे को हटाकर राजधानी को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *