Headlines

कोरबा में एक्सीडेंट, स्कॉर्पियो पलटने से नौजवान की मौत

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर तक आगे जाकर पलट गया। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रूपेश पटेल (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार दूसरा युवक आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *