रायपुर। छठ महापर्व को देखते हुए राजधानी रायपुर में घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम जोन क्रमांक 10 के स्वास्थ्य विभाग ने ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर, स्थानीय रहवासियों और सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर अमलीडीह स्थित अपना गार्डन तालाब में सफाई अभियान चलाया। वार्ड पार्षद विनय निर्मलकर की अगुवाई में आयोजित इस श्रमदान अभियान के माध्यम से छठ महापर्व से पहले तालाब और घाटों को स्वच्छ बनाने के साथ आम नागरिकों को स्वच्छता का सकारात्मक संदेश दिया गया।
यह सफाई अभियान डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 52 के अंतर्गत अमलीडीह अपना गार्डन तालाब में आयोजित किया गया। अभियान में नगर निगम के लगभग 25 सफाई कामगारों ने हिस्सा लिया। इनके साथ ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान कर तालाब के घाटों की सफाई की।

सफाई अभियान का नेतृत्व वार्ड पार्षद विनय निर्मलकर ने किया। इस दौरान नगर निगम जोन 10 की जोन कमिश्नर रुचि शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई व्यवस्था संभाली। अभियान में कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव और जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हजारी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा छठ महापर्व की पूर्व तैयारियों के तहत यह विशेष स्वच्छता अभियान महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन स्तर पर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छठ पूजा के लिए तालाब और घाटों को साफ-सुथरा रखना तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
अभियान में नगर निगम कर्मचारियों के साथ सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों ने नागरिकों से अपील की कि धार्मिक स्थलों, तालाबों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। अमलीडीह अपना गार्डन तालाब में आयोजित श्रमदान अभियान ने सामाजिक सहभागिता के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।