Headlines

धान फसल को बैल के चरने पर बुजुर्ग की हत्या, जशपुर में फिर जघन्य वारदात

जशपुर। जिले में खेत में बैल द्वारा धान चरने की बात को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने गुस्से में आकर बुजुर्ग पर बांस और लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसलंघना की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम (56 वर्ष) निवासी ग्राम बसलंघना 11 नवंबर 2026 की शाम अपने बैलों को चराने के लिए गांव के नीचे टंगरागढ़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनके बैल आरोपी फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) के खेत में लगे धान को चरने लगे। इस बात को लेकर आरोपी नाराज हो गया और एतवा राम के साथ विवाद करने लगा।

बताया गया कि मृतक खेत में करंज के पेड़ के नीचे लेटे हुए थे। आरोपी ने उन्हें आवाज लगाकर बैलों को खेत से भगाने के लिए कहा, लेकिन तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह आक्रोशित हो गया। इसके बाद आरोपी ने पहले बांस के डंडे से मृतक की पीठ और जांघ पर कई वार किए। फिर पास में पड़ा मोटा लकड़ी का डंडा उठाकर उनके हाथ पर भी कई बार हमला किया। आरोपी ने लात-घूंसों से भी मारपीट की, जिससे एतवा राम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल एतवा राम को स्कॉर्पियो वाहन से जिला अस्पताल जशपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले में प्रार्थी दीपक बघेल की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मारपीट करना स्वीकार किया। उसके बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस और लकड़ी के दो डंडे घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद कर जब्त किए गए।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद में बुजुर्ग की हत्या की इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *