सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, ये है वजह

Major Drop in Gold and Silver Prices: Here Is the Reason Major Drop in Gold and Silver Prices: Here Is the Reason

नई दिल्‍ली। रामनवमी के कारण 26 मार्च को भारतीय शेयर बाजार बंद था. लेकिन कमोडिटी मार्केट शाम 5 बजे खुल गई, जो कि रात 11.30 बजे तक खुली रहेगी. कमोडिटी मार्केट खुलते ही मल्‍टी कमोडिटी मार्केट (MCX) पर सोना और चांदी में भारी गिरावट देखने को मिली. चांदी देखते ही देखते 15000 रुपये प्रति किलो गिर गई. इसी तरह सोने के दाम में भी भारी गिरावट आई।

कमोडिटी मार्केट में सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट देखी गई है. कच्चे तेल के दाम बढ़ने के साथ ही सोना और चांदी के भाव तेजी से गिरे हैं। एमसीएक्‍स पर शाम 7 बजे सोना 3000 रुपये से ज्‍यादा गिरकर 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. सोने के भाव में बुधवार के बंद भाव की तुलना में 2 फीसदी से ज्‍यादा की गिरावट रही. इसके साथ ही चांदी की बात करें तो मई वायदा वाली चांदी करीब 15000 रुपये टूटकर 2.20 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गई. चांदी के भाव में बुधवार की तुलना में 6 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली।

सोने-चांदी के भाव में क्‍यों आई बड़ी गिरावट? 
अमेरिका और ईरान के बीच स्थिति अभी स्‍पष्‍ट नहीं हो पा रही है. अमेरिका ने ईरान से वॉर खत्‍म करने के लिए 15 शर्तों वाला प्रस्‍ताव दिया है, जिसे ईरान ने खारिज कर दिया है. जिसे लेकर ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर प्रस्‍ताव मानने में देरी हुई तो परिणाम अच्‍छे नहीं होंगे. इस बयान के बाद जियो-पॉलिटिकल खतरा बढ़ गया हैं।

दूसरी ओर, ईरान ने कहा है कि अगर उसपर सैन्‍य कार्रवाई की गई या दबाव डाला गया तो होर्मुज के साथ ही वह बाब अल मंडाब वाला चोकपॉइंट भी बंद कर सकता है, जिससे ग्‍लोबल सप्‍लाई और भी प्रभावित हो सकती है. इन्‍हीं सभी चीजों के कारण कच्‍चे तेल की कीमतों में भारी तेजी आई है।

रिकॉर्ड हाई से कितना गिरा सोना-चांदी? 

जनवरी में सोना अपने रिकॉर्ड हाई लेवल 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था, लेकिन अब 1.40 पर कारोबार कर रहा है. ऐसे में सोना अपने रिकॉर्ड हाई से 53 हजार रुपये सस्‍ता हो चुका है. वहीं चांदी जनवरी में 4.20 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया था, लेकिन अब 2.20 लाख रुपये पर आ चुका है. इसका मतलब है कि यह अपने रिकॉर्ड हाई से 2 लाख रुपये सस्‍ती हो चुकी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *