Headlines

भखारा उपमंडी में धान खरीदी शुरू, गिरिराज सिंह सोन ने प्राधिकृत अधिकारी के रूप में ली शपथ

भखारा। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित भखारा पंजीयन क्रमांक 171 के अंतर्गत उपमंडी भखारा स्थित धान उपार्जन केंद्र में 15 नवंबर को धान खरीदी का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समिति के नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी गिरिराज सिंह सोन का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्ध नागरिकों और बड़ी संख्या में कृषक बंधुओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता लक्ष्मी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी गिरिराज सिंह सोन को शपथ दिलाई गई।

समारोह में मुख्य रूप से रामगोपाल देवांगन, नगर पंचायत भखारा के उपाध्यक्ष विष्णु साहू, पूर्व उपाध्यक्ष दुलेश्वर साहू, पार्षद झम्मन साहू, युवराज सिंह सोन, सेवानिवृत्त शिक्षक बिंझवार राम साहू, रामसेवक कंवर, नोडल अधिकारी संतोष कुमार रावटे, बैंक मैनेजर भास्कर साहब, समिति प्रभारी रामकुमार साहू सहित समिति के कर्मचारी और समाजसेवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रामगोपाल देवांगन ने अपने संबोधन में किसानों से शासन के नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से धान उपार्जन कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने समिति के कर्मचारियों से भी किसानों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार रखते हुए धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम और व्यवस्थित बनाने का आग्रह किया।

वहीं नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी गिरिराज सिंह सोन ने शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में किसानों और समिति कर्मचारियों को पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धान उपार्जन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई।

समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और किसानों ने धान खरीदी के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग और सफल धान उपार्जन के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *